सुबह थाने पहुंचे पिता ने मांगी मदद
पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया 12 अगस्त की सुबह करीब 7:40 पर आनंद पर्वत थाने में एक व्यक्ति ने अपने 9 साल के बेटे की लापता होने की सूचना दी। पिता ने बताया कि उनका बेटा बिना बताए घर से निकल गया है। उन्होंने बताया कि बच्चा अपने पैतृक गांव छपरा जाने के लिए निकल सकता है।
पिता की बात सुन पुलिस हुई अलर्ट
सूचना मिलते ही आपातकालीन अधिकारी उप निरीक्षक गौरव ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। बच्चे की तस्वीर और हुलिया आसपास के थाने और सराय रोहिल्ला पुलिस के साथ साझा किया। इसके बाद उप निरीक्षक गौरव शिकायतकर्ता के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे और विभिन्न प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में बच्चे की तलाश शुरू की।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हुआ बरामद
लगातार खोजबीन के बाद पुलिस ने सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 से बच्चे को सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह ट्यूशन नहीं जाना चाहता इसलिए घर से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया और छपरा जाने वाली ट्रेन में सवार होने की योजना बना रहा था।
पुलिस क्या बोली?
पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित वापस लाकर उसके माता-पिता को सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से बच्चे को खतरों और शोषण जैसी परिस्थितियों का शिकार होने से बचाया गया।