गाजियाबाद के वैशाली इलाके एक वृद्ध महिला को कार ने टक्कर मार दी, इस दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। महिला को जिस गाड़ी ने टक्कर मारी है उसे 10 साल का लड़का चला रहा था।
वैशाली के सेक्टर नौ स्थित जज कॉलोनी में 70 वर्षीय राजरानी गुरुवार रात घर के बाहर कुत्तों को खाना देने निकली थी तभी एक वैगन आर कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। राजरानी के पति ओम प्रकाश रिटायर्ड स्कूल टीचर हैं।
परिवारवालों ने बताया कि एक छोटा बच्चा गाड़ी चला रहा था और साथ में उसके चाचा-चाची बैठे हुए थे। ये दोनों सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं, जिस कारण पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है और बस खाना पूर्ति करने में लगी हुई है।
पुलिस ने हालांकि मामला दर्ज कर लिया है और अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि स्टीरिंग जाम हो जाने के कारण यह दुर्घटना हुई है। पुख्ता तौर पर पूरी जांच हो जाने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।