सस्ती प्रॉपर्टी और मोटे ब्याज का सपना दिखाकर 12 से ज्यादा लोगों से करीब सात करोड़ रुपये की ठगी करने वाले नटवरलाल को सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कई महीनों से वांछित चल रहे इस बदमाश ने आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों से भी प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी की। बुधवार को सूरजपुर के लखनावली में जमीन का सौदा करने पहुंचा तभी पुलिस ने दबोच लिया।
मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला आनंद रावत एलजी कंपनी में मैटीरियल मैनेजर था। उसी दौरान उसके संपर्क में बड़े अधिकारी, कारोबारी और उद्यमी आए। अपने व्यवहार से इसने लोगों को प्रभावित किया और सस्ती कीमत पर प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर उनसे पैसा लेने लगा।
भरोसे के तौर पर कई लोगों को वह अपने घर की रजिस्ट्री के फर्जी कागजात दे देता था। यही नहीं वह व्यापारियों मोटा ब्याज दिलाने के नाम पर पैसे ले लेता था। पुलिस के मुताबिक वह आईडी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों को भी ठगी का शिकार बना चुका है। हालांकि ज्यादातर लोगों ने बदनामी के डर से मामला दर्ज नहीं कराया।
दनकौर के व्यापारी ने की थी शिकायत
साल भर पहले दनकौर के एक व्यापारी ने अपने साथ हुई 40 लाख रुपये की ठगी की शिकायत देते हुए सूरजपुर थाने में मामला दर्ज कराया था। उसके बाद से पुलिस इसकी तलाश में जुटी थी। पूछताछ में उसने 12 से ज्यादा लोगों से ठगी करने की बात कुबूल की है।
रौब दिखाकर बचता था
पुलिस के बड़े अधिकारियों से संपर्क में होने के चलते कई बार पैसा मांगने या फंसने पर भी उनका रौब दिखाकर ये बच निकाला। फोन पर भी पुलिस को खुद बड़ा अधिकारी बता कर बात कर बच निकलता था।
कोर्ट से जारी था वारंट
सूरजपुर थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया ठगी के आरोपी आनंद रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। बहुत दिनों से आरोपी की तलाश थी। लोगों को अपने जाल में फंसाकर अब तक सात करोड़ रुपये की ठगी कर चुका था। इसके खिलाफ कोर्ट से वारंट भी जारी था।