मेदांता अस्पताल के मालिक डॉ. नरेश त्रेहान के निजी सचिव कृष्णलाल सहगल के पौत्र युवराज सहगल अपहरण कांड में पुलिस ने पांचवें आरोपी को भी पकड़ने में सफलता हासिल कर ली है।
आरोपी का नाम भूपेंद्र है, जोकि मूलरूप से सोहना के पास स्थित शिलानी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करके दो दिन की रिमांड पर लिया है।
सीआईए बड़खल के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी भूपेंद्र उर्फ भूप्पी यहां पर बल्लभगढ़ आर्य नगर में रहता था। वह इस मामले में मास्टर माइंड सुशील का पड़ोसी है। पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र ने बीएससी की हुई है।
उसे गौंच्छी के पास से सोमवार रात को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक सिम व घटना में प्रयोग की गई मारुति कार बरामद की है।
हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस ने केस से जुडे़ चार अन्य आरोपियों को मुस्तैदी दिखाते हुए शनिवार को पलवल से गिरफ्तार कर लिया था। इसमें बल्लभगढ़ के आर्य नगर निवासी सुशील, जवाहर कॉलोनी निवासी आदित्य, पर्वतीया कॉलोनी निवासी संजय और एसजीएम नगर के पटेल नगर के रहने वाले राजन शामिल हैं।
पकडे़ गए सभी आरोपियों की उम्र 20-25 वर्ष के बीच है। एसीपी रामचंद्र राठी के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में अभी तक यही सामने आया है कि उन्होंने हीरो होंडा मोटरसाइकिल की एजेंसी सहगल ऑटोमोबाइल के मालिक पंकज सहगल के बेटे युवराज को अपनी आपसी रंजिश निकालने के लिए उठाया था।
उसकी दोस्ती में चारों आरोपियों ने सुशील का साथ दिया था। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र से पूछताछ की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपहरण का तानाबाना ‘सावधान इंडिया’ एवं ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे कार्यक्रमों को देखकर बुना था।