नहर पार विकसित हो रहे ग्रेटर फरीदाबाद (ग्रेफ) और मास्टर प्लान-2031 के तहत बनने वाले नए सेक्टरों में बिजली की बेहतर सप्लाई देने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत 51 नए सब स्टेशन बनाए जाने का फैसला लिया गया है।
सोमवार को नगर योजनाकार कार्यालय में हरियाणा बिजली प्रसारण निगम (एचवीपीएन) के अधिकारियों और नगर योजनाकार के बीच बैठक हुई। इसमें एसई (एनसीआर प्लानिंग) गुलशन नागपाल, एचवीपीएन के एसई एमसी त्यागी, नगर योजनाकार रेणुका सिंह एवं कार्यकारी अभियंता राजीव शर्मा मुख्य रूप से शामिल रहे।
बैठक के दौरान ग्रेफ व मास्टर प्लान-2031 के तहत बनने वाले सब स्टेशनों की साइटों को चिन्हित किया गया। बताया जाता है कि पहले जिन साइटों को चिन्हित किया गया था, उसे रद्द कर दिया गया है।
बिजली निगम के अधिकारियों ने हवाला दिया कि ग्रेटर फरीदाबाद के रूप में 15 नए सेक्टरों को लेकर पहले योजना तैयार की गई थी। लेकिन अब इस योजना में मास्टर प्लान-2031 को शामिल कर लिया गया है। इसलिए बदलाव जरूरी था।
इस बारे में बिजली निगम ने एक सर्वे कराया है, जिसमें मास्टर प्लान-2031 के तहत बनाए जाने वाले 71 नए सेक्टरों को भी शामिल किया गया है। यानी 51 सब-स्टेशन 86 सेक्टरों को जगमग करेंगे।
एचवीपीएन के एसई एमसी त्यागी ने कहा कि नगर योजनाकार से 400 केवी के सब स्टेशन के लिए 15-15 एकड़ जमीन मांगी गई है। जबकि 220 केवी के सब स्टेशनों के लिए चार-चार एकड़ जमीन मांगी गई है। 220 केवी के पांच सब स्टेशन आठ एकड़ में बनेंगे।