दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में एक पखवाड़ा पहले कूरियर कारोबारी के कार्यालय में हुई 50 लाख की चोरी के मामले में पुलिस ने सिरोही (राजस्थान) से एक आरोपी अरविंद को गिरफ्तार किया।
आरोपी के पास से 42 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि कारोबारी के एक कर्मचारी की सूचना पर वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में शामिल कर्मचारी समेत दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त सिंधु पिल्लई ने बताया कि मूलत: राजस्थान निवासी भूरा प्रजापति का लाहौरी गेट इलाके में कूरियर का कारोबार है। 2 जून को भूरा ने अपने कार्यालय से तिजोरी तोड़कर 50 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत की।
कारोबारी ने बताया था कि एक पार्टी ने उसे 50 लाख रुपये दिए थे, जिसे दूसरी मंजिल पर स्थित अपने ऑफिस के तिजोरी में रखा था। भूरा के अनुसार, तीन कर्मचारी तिजोरी की निगरानी कर रहे थे और उन्हें ही तिजोरी में रुपये होने की जानकारी थी।
जांच के दौरान तीनों कर्मचारियों की कॉल डिटेल निकाली गई। इसमें पता चला कि एक कर्मचारी सिरोही निवासी एक शख्स से लगातार बात कर रहा है। वारदात के समय वह नंबर घटनास्थल के आसपास सक्रिय था। शक होने सिरोही के बराल गांव में रहने वाले अरविंद को दबोचा गया।
उसके घर से 42 लाख रुपये मिले। अरविंद ने बताया कि उसने सिरोही के अंगोर गांव निवासी गोवर्धन के साथ मिलकर चोरी की थी। कारोबारी के एक कर्मचारी की सूचना पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस गोवर्धन और भूरा के कर्मचारी की तलाश में दबिश दे रही है।