दिल्ली में बदमाशों
के हौसले बुलंद है। आए दिन बदमाश ने किसी न किसी को निशाना बना रहे हैं।
लक्ष्मी नगर बाजार में शनिवार तड़के चोरों ने ज्वेलर की दुकान का शटर
तोड़कर कर करीब 50 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के जेवरातों पर हाथ
साफ कर लिया। स्थानीय लोगों ने सुबह पीड़ित को मामले की सूचना दी।
पीड़ित
की शिकायत पर शकरपुर थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस
शोरूम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पूरे मामले की जांच कर रही
है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित कीमती लाल (63) परिवार के साथ चार
मंजिला मकान में गली नंबर-2 वेस्ट गुरू अंगद नगर, लक्ष्मी नगर में रहते
हैं। इनके परिवार में बेटा शिव कुमार (32) भी है। घर के नीचे ग्राउंड फ्लोर
पर इन लोगों ने ज्वेलरी का शोरूम बना रखा है। शुक्रवार को शिव कुमार अपनी
पत्नी और बच्चों के साथ पंजाब रिश्तेदार की शादी में गए थे।
रात
करीब 9.30 बजे कीमती लाल ने शोरूम बंद किया और पहली मंजिल पर जा कर सो गए।
इस बीच शनिवार तड़के स्थानीय लोगों ने कीमती लाल को फोन कर बताया कि उनकी
दुकान का शटर खुला है। कीमती फौरन नीचे पहुंचे। कीमती की मानें तो दुकान से
करीब 50 लाख रुपये के जेवरात गायब थे।
फौरन मामले की सूचना पुलिस
को दी गई। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि कीमती लाल की दुकान का
सीसीटीवी कैमरा खराब पड़ा है। पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों से
बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इधर, मामले की छानबीन
कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शोरूम से कितने का माल गया,
इसकी जानकारी शिव कुमार के आने के बाद ही मिल पाएगी। दुकान में क्या और कहा
रखा था इसकी जानकारी शिव कुमार को ही थी। पुलिस शिव कुमार के आने का
इंतजार कर रही थी।
बर्तन चमकाने आए और जेवर ले उड़े
बर्तन और जेवरात चमकाने के नाम पर दिल्ली के तिमारपुर में ठगी का मामला सामने आया है। ठगे जाने के बाद पीड़ितों ने पीछा कर ठगों को दबोचकर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार इमलेश (50) अपने पति जोगिंदर और बेटे कपिल के साथ वजीराबाद गली संख्या-15 में रहती है। शुक्रवार दोपहर इमलेश अपने बेटे के साथ घर में मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक उसके घर पर आए। दोनों ने खुद को बर्तन और जेवरात साफ करने वाले पाउडर कंपनी में काम करने वाला बताया।
इमलेश ने उसे एक बर्तन साफ करने के लिए दिया। बर्तन चमकने के बाद युवकों ने बताया कि उनके जेवरात को साफ कर देगा। इमलेश ने उन्हें चेन और अंगूठी साफ करने के लिए दिया। जिसे उन युवकों ने एक बर्तन में पानी और पाउडर मिलाकर उसमें रख दिया और उसे गर्म करके लाने के लिए कहा। साथ ही बताया कि जब तक पानी गर्म होता है, दोनों घूमकर आते हैं।
कपिल को दोनों युवकों की बातों पर शक हुआ। उसने बर्तन का ढक्कन हटाकर देखा तो उसमें जेवरात नहीं थे। कपिल ने जब तक दोनों को रुकने के लिए कहा, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर भागने लगे। कपिल और उसके चाचा ने बाइक से दोनों युवकों का पीछा किया और करीब एक किमी दूर युवकों को दबोच लिया।
बाद में दोनों को तिमारपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। युवकों की तलाशी में उनके पास से सोने की चेन और अंगूठी मिल गए। युवकों की पहचान कैलाश और धर्मेंद्र के रूप में हुई। पुलिस इनसे पूछताछ कर ठगी के अन्य मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।