नोएडा में झुग्गी पुनर्वास योजना के तहत जमा हुए आवेदन पत्रों में से 50 से अधिक आवेदन पत्र फर्जी पाए गए। मंगलवार इस मसले पर बैठक होगी, जिसमें योजना पर निर्णय होगा।
प्राधिकरण ने सेक्टर आठ के डी ब्लॉक में रहने वाले झुग्गीवासियों से आवेदन पत्र मांगे थे। 325 झुग्गीवासियों में से 236 के आवेदन सही पाए गए। इन पर आपत्ति मांगी गई। एक ही दिन में 70 आपत्तियां दर्ज हुईं।
उनमें से ज्यादातर का यह आरोप था कि आवेदन न करने के बावजूद सूची में उनका नाम आ गया है। वहीं कुछ के नाम ऐसे मिले, जो कि वहां रहते ही नहीं। इसके बाद डीसीईओ अखिलेश सिंह ने परियोजना अभियंता के नेतृत्व में टीम बना दी।
टीम ने मौके पर जाकर सत्यापन किया। सत्यापन से यह बात निकल कर सामने आई कि 50 से अधिक आवेदनकर्ता वहां रहते ही नहीं। गलत तरीके से आवेदन किए गए हैं।
यहां तक कि कुछ नाम इटावा के भी मिले हैं। टीम ने अपनी रिपोर्ट डीसीईओ को सौंप दी है। डीसीईओ बता दें, कि सेक्टर 122 में 3465 फ्लैटों का निर्माण किया गया है, जिनका आवंटन होना है।