शहर में एटीएम फ्रॉड के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे है। सेक्टर-10ए थाना एरिया में एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर अज्ञात युवक ने 45 हजार रुपये निकाल लिए। युवक को जानकारी मिलने के बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से बिहार निवासी मुकेश कुमार चौबे 28 नवंबर को सेक्टर-10 मार्केट स्थित आईडीबीआई बैंक की एटीएम बूथ से रुपये निकालने गया। यहां पहले से मौजूद युवक ने मशीन न चलने की बात कही। इस पर उसने युवक के साथ मिलकर एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया।
आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसका एटीएम बदल दिया। घर आने के बाद जब उसके मोबाइल में मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। उसके अकाउंट से 45 हजार रुपये निकाले गए।
इस बारे में जब उसने बैंक प्रबंधक को जानकारी दी तो बात सही निकली। धोखाधड़ी होने के अंदेशे पर उसने पुलिस से संपर्क किया। युवक की शिकायत पर सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।