आम्रपाली समूह के सीएमडी अनिल शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
रियल एस्टेट आम्रपाली समूह के 45 और बैंक खातों का पता लगा है। इन खातों को मिलाकर आम्रपाली समूह के अब तक कुल 245 खातों का पता लग गया है। ज्यादातर बैंक खाते नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली में हैं। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) इन बैंक खातों की डिटेल पता कर रही है। ईओडब्ल्यू ने खातों से लेनदेन व अन्य जानकारियां लेने के लिए मंगलवार को बैंकों को पत्र लिखा है। पता लगा है कि इनमें ज्यादातर बैंक खाते फर्जी कंपनियों के नाम से खुले हुए हैं।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आम्रपाली समूह के चेयरमैन अनिल शर्मा की नोएडा में रहने वाली बेटी और निदेशक शिवप्रिया के ससुराल में सोमवार को छापेमारी की। छापेमारी देर रात तक चली। छापेमारी में कुछ कागजात बरामद किए गए हैं। हालांकि पुलिस को ऐसे कागजात नहीं मिले, जिससे तफ्तीश आगे बढ़े।
इससे पहले पुलिस ने चेयरमैन अनिल शर्मा व दोनों निदेशकों के घर पर छापेमारी की थी। दूसरी तरफ आम्रपाली समूह के चीफ फाइनेंस ऑफिसर (सीएफओ) चंदर वधवा मंगलवार को तफ्तीश में शामिल हो गए हैं। समूह के ऑडिटर अनिल कुमार व एके मित्तल रविवार को ही तफ्तीश में शामिल हो गए थे। दोनों से मंगलवार को पूछताछ की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट से ईओडब्ल्यू को अभी तक कागजात नहीं मिले हैं। कागजात मिलने के बाद ही तफ्तीश ठीक से आगे बढ़ पाएगी। पुलिस के पास ऐसे कागजात नहीं है जिससे ये देखा जा सके कि आरोपी जो बोल रहे हैं वह सच बोल रहे हैं या झूठ बोल रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को सुप्रीम कोर्ट से कागजात बुधवार को मिल जाएंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पूछताछ में ज्यादा सहयोग नहीं कर रहे हैं। आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर भी पूछताछ की जा रही है।