‘आप’ के चुने गए 67 में से 41 विधायक ‘एडजस्ट’ हो गए हैं। रामनिवास गोयल विधानसभा अध्यक्ष, वंदना कुमारी उपाध्यक्ष, अरविंद केजरीवाल समेत 7 मंत्री, 15 संसदीय सचिव के नाम करीब-करीब तय, 2 डीडीए सदस्य, जल बोर्ड में उपाध्यक्ष कपिल मिश्रा समेत तीन सदस्य, हरदीप सिंह को विस का मुख्य सचेतक बनाए जाने के साथ सरकार ने अब 11 जिला विकास समितियों के अध्यक्षों के नाम भी घोषित कर दिए हैं।
दिल्ली सरकार के सूत्र बताते हैं कि डीएसआईआईडीसी, डीटीटीडीसी, ग्रामीण विकास बोर्ड, यमुनापार विकास बोर्ड, लोक लेखा समिति, दिल्ली स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन, दिल्ली खादी बोर्ड समेत 12 विधायकों को ऐसे बोर्ड और निगम में जल्द पद दिए जाएंगे। मसलन करीब 12 विधायक बिना प्रोफाइल के होंगे। इन्हें भी कुछ-कुछ काम दिया जाएगा। ‘आप’ सरकार की कोशिश है कि उनकी पार्टी से चुने गए हर विधायकों को प्रोफाइल मिले।
ऑफिस और गाड़ी की सुविधा देने की भी कोशिश है। मुख्यमंत्री के लौटने के बाद कुछ की सूची फाइनल होगी। सरकार के अनुसार, जिला विकास समितियों के अध्यक्ष नामित कर दिए गए हैं। सभी 11 डीडीसी के अध्यक्षों का नया कार्यकाल शुरू हो गया है। सभी अध्यक्ष ‘आप’ से ही हैं। इसमें तीन विधायक ऐसे हैं जिन्होंने दूसरी बार चुनाव जीता है। पिछली बार केजरीवाल सरकार ने भाजपा विधायकों को कई जिला विकास समितियों का अध्यक्ष बनाया था।
जिला विकास समिति
जिला अध्यक्ष
मध्य जिला विशेष रवि
पूर्वी दिल्ली राजू धींगान
नई दिल्ली कर्नल देवेन्द्र सहरावत
उत्तर दिल्ली अजेश यादव
उत्तर पूर्वी दिल्ली श्रीदत्त शर्मा
उत्तर पश्चिम दिल्ली महेंद्र गोयल
शाहदरा जिला राजेंद्र पाल गौतम
दक्षिण जिला दिनेश मोहनिया
दक्षिण पूर्व जिला अमानतुल्ला खान
दक्षिण पश्चिम जिला भावना गौड़
पश्चिम जिला नरेश बाल्यान