डीएलएफ क्षेत्र स्थित एक मॉल में काम करने वाले युवक के अकाउंट से किसी ने धोखे से 40 हजार रुपये निकलवा लिए। इस मामले में पुलिस से संपर्क करने पर सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश कांगड़ा निवासी रोहित कुमार गुड़गांव के मॉल में काम करता है। युवक ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 22 दिसंबर को न्यू कॉलोनी स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से एक हजार रुपये निकलवाए।
रुपये निकलवाने के बाद वह यहां से चला गया। दोपहर को उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके अकाउंट से 40 हजार रुपये निकाले गए है।
इस बारें में जब उसने बैंक शाखा प्रबंधक से जानकारी ली तो बात सही पाई गई। धोखाधड़ी की आशंका पर बुधवार को सिटी थाना पहुंचा। युवक के बयान पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई सुभाष के मुताबिक एटीएम में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है साथ ही बैंक से भी संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही इस मामले में जानकारी जुटा ली जाएगी।