मुख्यमंत्री ने 802 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार सड़कों को गड्ढामुक्त, समतल और टिकाऊ बनाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 802.18 करोड़ रुपये की व्यापक सड़क सुधार परियोजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत करीब 400 किलोमीटर लंबी 241 से अधिक प्रमुख सड़कों का पुनर्विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण सहयोग है और इसका लक्ष्य साल के अंत तक कार्य पूरा करना है। परियोजना के तहत 45 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में वॉल-टू-वॉल कारपेटिंग मॉडल पर काम होगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक अक्सर सड़कों पर केवल गड्ढों की मरम्मत या बीच के हिस्से में पैचवर्क किया जाता था, जिससे कुछ ही समय में सड़क फिर खराब हो जाती थी। नई प्रणाली में पूरी चौड़ाई में एक समान परत बिछाई जाएगी, जिससे सड़क की मजबूती और आयु दोनों बढ़ेंगी।
उन्होंने बताया कि समतल और सीलबंद सतह से धूल उड़ने की समस्या में कमी आएगी, जिससे वायु प्रदूषण घटाने में भी मदद मिलेगी। टूटी-फूटी सड़कों से वाहनों की आवाजाही के दौरान मिट्टी और बारीक कण हवा में फैलते हैं, जो प्रदूषण का बड़ा कारण बनते हैं। नई तकनीक से तैयार सड़कों से पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) के स्तर में कमी लाने का लक्ष्य है। इस परियोजना को दिल्ली सरकार का लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) लागू करेगा। कुल लागत में से 643.36 करोड़ रुपये केंद्र सरकार के सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (सीआरआईएफ) से प्राप्त होंगे, जबकि 158.82 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वय से राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिल रही है।