गाजियाबाद के साहिबाबाद के फर्रुखनगर इलाके में रविवार को पटाखों से भरी कार में धमाके के साथ लगी आग में चार मासूम जिंदा जल गए। जबकि बच्चों को बचाने के चक्कर में पिता पटाखा व्यापारी रिजवान व पड़ोसी कृष भी झुलस गए। घर के बाहर खड़ी कार में बच्चे गाने सुनने के लिए बैठे थे।
तभी धमाका हो गया। एसएसपी धर्मेंद्र सिंह के अनुसार कार में आग शायद शार्ट सर्किट से लगी है। पटाखा व्यापारी रिजवान के खिलाफ लापरवाही और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
फर्रुखनगर निवासी रिजवान भाई के साथ पटाखा फैक्ट्री चलाते हैं। रविवार दोपहर रिजवान को दिल्ली स्थित द्वारका में शादी समारोह में आतिशबाजी के लिए पटाखे लेकर जाना था। वह फैक्ट्री से अपनी कार में पटाखों की आठ पेटियां भरकर लाए और घर के पास बने खाली प्लॉट में कार खड़ी कर दी।