बुराड़ी इलाके से 1.7 करोड़ रुपये कीमत के मोबाइल फोन से लदे कैंटर के चालक को अगवा कर लूटपाट करने वाले चार इंटर स्टेट हाईवे लूटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से मोबाइल फोन व कैंटर को जब्त कर लिया है।
पकड़े गये बदमाशों की पहचान संजय, श्रवण कुमार, मोहम्मद सलमान और सलमान उर्फ भूरा के रूप में हुई है। संजय त्रिलोकपुरी का रहने वाला है जबकि अन्य तीन रामपुरा इलाके में रहते हैं। पकड़े गये बदमाशों पर पहले से कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त जतिन नरवाल ने बताया कि संतोष कुमार ओखला स्थित सुप्रीम टैंपो सर्विस में बतौर ड्राइवर काम करता है। 18 मई की रात वह ओखला के एक कंपनी से करीब 76 सौ मोबाइल फोन कैंटर पर लादकर जिरकपुर मोहाली पंजाब के लिए रवाना हुआ। जब वह बुराड़ी फ्लाई ओवर के पास पहुंचा इसी दौरान टाटा 407 पर सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोका।
आरोपियों ने संतोष पर पीछे एक्सीडेंट करके आने का आरोप लगाया और फिर एक चादर उसके उपर डाल कर टाटा 407 में बिठा दिया। बदमाशों ने उसके हाथ पैर बांध दिए। तड़के बदमाशों ने उसे मुंडका इलाके में फेंककर कैंटर लेकर फरार हो गये। पीड़ित संतोष की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और लूट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
वाहन चोरी निरोधक शाखा की टीम इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान ही पुलिस ने एक गुप्त सूचना पर चारों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल से लदा कैंटर के अलावा वारदात में इस्तेमाल टाटा 407 भी बरामद कर लिया।
आरोपी चोरी के माल को बेचने के फिराक में थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संजय पर नौ, मोहम्मद सलमान और श्रवण पर एक एक अपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों की तिहाड़ जेल में रहते दोस्ती हुई थी। जल्द रुपये कमाने के लिए उनलोगों ने माल से लदा कंटेनर लूटने की योजना बनायी और इस वारदात में सलमान उर्फ भूरा को शामिल कर लिया।