राजधानी दिल्ली की सात सीटों पर नामांकन के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से ही उम्मीदवार जिला चुनाव कार्यालय पर पहुंचने लगे। आखिरी दिन दिग्गजों में कांग्रेस के दो मौजूदा सांसद व बीजेपी के दो उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया।
विज्ञापन
अंतिम दिन भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी समेत 169 लोगों ने नामांकन भरा। अब तक कुल 206 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया है। दक्षिणी दिल्ली से कांग्रेस के मौजूदा सांसद रमेश कुमार और बीजेपी के विधायक रमेश बिधुड़ी ने पर्चा भरा।
वहीं, उत्तरी पश्चिमी सीट पर कांग्रेस की कृष्णा तीरथ व उत्तर पूर्वी संसदीय सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार मनोज तिवारी ने नामांकन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नामांकन स्थल पर मनोज तिवारी की झलक पाने के लिए बेकरार दिखे। दिल्ली के कुल 206 उम्मीदवारों ने 307 नामांकन सेट भरे हैं।
विज्ञापन
गाजियाबाद: 38 सूरमा दिखाएंगे दम
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर प्रमुख पार्टियों ने इंपोर्टेड उम्मीदवार उतारे हैं। आखिरी दिन तक नामांकन करने वालों की कुल संख्या 38 रही। शनिवार को कांग्रेस उम्मीदवार राजबब्बर ने नामांकन से पहले रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया।
राज बब्बर के रोड शो में एक ओर जहां लोग उनकी एक झलक पाने को बेताब दिखे तो तो दूसरी ओर जाम में फंसे लोग उन्हें कोसते भी नजर आए। रोड शो की वजह से लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
राज बब्बर से मुकाबला करने के लिए लिए बीजेपी ने यहां पूर्व सैन्य जनरल वीके सिंह को उतारा है तो आम आदमी पार्टी ने शाजिया इल्मी पर दांव खेला है।
गौतमबुद्ध नगर: 29 योद्घाओं के बीच कुर्सी की जंग
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए नामांकन भरने वालों में से कुछ ने अगर नाम वापस नहीं लिया तो मतदान कराने के लिए ईवीएम में दो बैलेट यूनिट लगानी होगी।
शनिवार को अंतिम दिन इस सीट के लिए कुल 29 प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल हुए हैं। इनमें सपा से नरेंद्र भाटी, बसपा से सतीश अवाना, कांग्रेस से रमेश चंद्र तोमर, AAP से केपी सिंह, भाजपा से महेश शर्मा प्रमुख हैं।
ईवीएम के जरिये 15 प्रत्याशियों के लिए ही मतदान कराया जा सकता है। इससे अधिक प्रत्याशी होने पर दो बैलेट यूनिट लगानी होगी।
गुड़गांव: 27 उम्मीदवार चुनावी मैदान में
गुड़गांव लोकसभा सीट पर आखिरी दिन कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा। इनमें से भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह, इनेलो के जाकिर हुसैन और ताहिर हुसैन ने दोबारा नामांकन दाखिल किया है। शनिवार को आखिरी दिन हुए नामांकनों से इस सीट पर प्रत्याशियों की संख्या 27 हो गई है।
भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह की पत्नी मनीता सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा बहुजन मुक्ति पार्टी प्रत्याशी हेमंत कुमार सैनी, जनता दल यूनाइटेड से राजेंद्र, राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल से अकबर कासमी, नेशनल जनहित कांग्रेस (एबी) से अशोक भारद्वाज के अलावा सात निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल किया।
इस सीट से AAP के योगेंद्र यादव और कांग्रेस के राव धर्मपाल भी मैदान मे हैं। बीजेपी उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं इस सीट से मौजूदा सांसद भी हैं।
नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन फरीदाबाद लोकसभा सीट पर कुल 11 लोगों ने पर्चा भरा। इसके साथ ही लोकसभा 2014 के चुनावी मैदान में यहां से कुल 32 उम्मीदवार हो गए हैं। इसमें सपा एवं जेडीयू उम्मीदवार भी हैं।
आखिरी दिन इनेलो के उम्मीदवार आरके आनंद के पहुंचने से सचिवालय का माहौल थोड़ा गरम हो गया। अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए इनेलो विधायक अभय चौटाला भी सचिवालय पहुंचे।
इस सीट पर भाजपा ने कृष्णपाल गुर्जर को टिकट दिया है जबकि AAP ने पुरूषोत्तम डागर को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने अपने सांसद पर ही भरोसा जताया है।