चंद रुपयों को लेकर दुकानदार और उसके नौकर ने एक किशोर को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर केस में हत्या की धारा जोड़ी।
ओल्ड फरीदाबाद बाबा नगर निवासी द्वारका प्रसाद पूजापाठ कराते हैं। 3 अप्रैल को उनका 17 साल का बेटा रोहित भूड़ कॉलोनी स्थित बंगाली स्वीट्स पर सुबह के नाश्ते की पूड़ी-सब्जी लेने गया था। पूड़ी-सब्जी के तीस रुपये भुगतान को लेकर उसकी होटल मालिक नीरज से कहासुनी हो गई।
रोहित का कहना था कि उसने तीस रुपये दे दिए हैं जबकि नीरज का आरोप था कि रोहित ने उसे भुगतान नहीं किया। बात बढ़ने पर नीरज, उसके बेटे संदीप और नौकर राजू ने रोहित को लात-घूंसों और डंडे से पीट दिया था।
गंभीर रूप से घायल रोहित को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार को इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई। एसएचओ ओल्ड अनिल कुमार ने बताया कि होटल मालिक और उसके सहयोगियों के खिलाफ मारपीट का केस पहले से ही दर्ज था, उसमें हत्या की धारा लगाई गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।