अगर मैं एमपी या एमएलए नहीं हूं तो क्या मेरी बेटी, बेटी नहीं है ? हमारी बेटी सात दिनों से लापता है लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही। यह कहना है इंडिया गेट से लापता बच्ची जाह्नवी के माता-पिता का। उन्होंने परिजनों के साथ सैकड़ों लोगों ने बच्ची की बरामदगी की मांग को लेकर शनिवार शाम इंडिया गेट पर कैंडल मार्च निकालने की कोशिश की।
हालांकि मार्च की अनुमति न होने के कारण पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन लोगों को जबरन वहां से हटा दिया। पुलिस मार्च निकाल रहे लोगों को बस में भरकर जंतर मंतर रोड ले आई जहां पर कैंडल मार्च निकाला गया।
जाह्नवी की मां शीतल ने बताया कि इंडिया गेट से उनकी बच्ची गायब हुए एक सप्ताह हो गया है लेकिन पुलिस ने अभी तक उसे बरामद करने में कोई तत्परता नहीं दिखाई।
पुलिस ने मार्च निकालने से इन लोगों को रोका और बच्ची की तलाश करने के लिये दो-तीन का समय मांगा है। बच्ची के मामा तरुण ग्रोवर ने कहा कि पुलिस ने बच्ची की तलाश करने के लिए कुछ समय मांगा है। अगर इसके बाद भी बच्ची नहीं मिलती है तो हम संसद का घेराव करेंगे।
बता दें कि इंडिया गेट स्थित चिल्ड्रन पार्क से 28 सितंबर 2014 की रात 9:15 बजे रघुवीर नगर निवासी जाह्नवी उस समय गायब हो गई जबकि वह मां-बाप के साथ यहां घूमने आई थी।