-कमला मार्केट थाना पुलिस ने आरोपियों को दबोचा, साढ़े 12 हजार रुपये, एक डेबिट कार्ड व ऑटो बरामद
नई दिल्ली। मध्य जिला की कमला मार्केट थाना पुलिस ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर जांच के नाम पर लूट करने वाले तीन बदमाशों को दबोचा है। यूएस-ईरान के बीच चल रही लड़ाई को लेकर चेकिंग करने की बात कह वे वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों की पहचान फतेहपुर बेरी निवासी कृष्ण कुमार (ऑटो चालक), आगरा निवासी रवि कुमार और फतेहपुर बेरी निवासी राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। रवि कुमार गिरोह का सरगना है। इनके कब्जे से साढ़े 12 हजार रुपये, डेबिट कार्ड और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 12 मार्च को कमला मार्केट थाने में एक पीसीआर कॉल आई। पीड़ित ने बताया कि वह मिंटो रोड के पास से एक ऑटो में सवार हुआ। चालक ने एक और यात्री को बैठा लिया। थोड़ी दूर जाने के बाद एक और संदिग्ध ऑटो में चढ़ा और खुद को सरकारी अधिकारी बताकर वेरिफिकेशन के नाम पर जांच करने लगा और 13 हजार रुपये और एटीएम कार्ड ले लिया। बाद में पता चला कि उसके बैंक अकाउंट से 52 हजार रुपये भी निकाल लिए गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल वारदात में इस्तेमाल ऑटो की पहचान की और असोला फतेहपुर बेरी में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अमर उजाला ब्यूरो