तुगलपुर मंडी में मंगलवार देर रात दो बजे अचानक आग लग गई। आग नेे देेखते ही देेखते विकराल रूप धारण कर लिया और यहां स्थित सब्जी, फल, किराना, कपड़े आदि के खोखे को चपेट में ले लिया। बाजार में सो रहेे विक्रेताओं ने सूचना फायर बिग्रेड को दी, लेेकिन देरी होने के कारण लगभग 250 खोखे और उनमें रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित तुगलपुर में एक बड़े स्थान पर लंबे समय से सैकड़ों विक्रेता सब्जी, फल, किराना, कपड़े, जूते आदि का सामान बेचते हैं। 13 जनवरी की रात यहां स्थित फलों के खोखे में आग लग गई थी। इसमें 20 खोखे आग में खाक हो गए थे। अब मंगलवार रात दो बजे बाजार के बीच स्थित प्रकाश व उसके बेटे विपिन के कपड़े के खोखे में आग लग गई।
गर्म होने पर पास में ही सो रहे विपिन की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। प्रकाश का कहना है कि ढाई साल पूर्व भी उसके खोखे में आग लगी थी। बाजार में सो रहे कुछ अन्य दुकानदारों ने डायल 100 और 101 नंबर पर कॉल कर सूचना दी।
सूचना मिलने के कुछ देेर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन फायर बिग्रेड नहीं पहुंच पाई। लोगों का आरोप है कि फायर बिग्रेड लगभग एक घंटे बाद तीन बजे पहुंची। तब तक लगभग ढाई सौै खोखे जलकर खाक हो चुके थे।