नई दिल्ली। जिस सिंगल यूज प्लास्टिक को इस्तेमाल के बाद कचरा समझकर फेंक दिया जाता है, अब उसी से एमसीडी पार्कों में बैठने के लिए बेंच तैयार करवा रहा है। रोहिणी के वार्ड-53 के विभिन्न पार्कों में ऐसी 25 पर्यावरण अनुकूल बेंच स्थापित की गई हैं। प्लास्टिक कचरे के प्रसंस्करण से तैयार इन बेंचों के जरिये एमसीडी ने कचरा प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक सुविधाओं को जोड़ने की पहल की है।
महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि इस परियोजना को इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन (आईपीसीए) और केआईए सोशल कंट्रीब्यूशन के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत लागू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण कर उसे उपयोगी संसाधन में बदलना है। महापौर ने कहा कि कचरे को बोझ के बजाय संसाधन के रूप में इस्तेमाल करना समय की जरूरत है।