पावर कारपोरेशन के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि शासन ने 2016 में प्रदेश में 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का निर्णय लिया है। इसके लिए जो संसाधन विकसित कराना है, एस्टीमेट बनाकर भेजो। बजट की दिक्कत नहीं है।
वर्तमान संसाधनों में ही बेहतर सप्लाई तत्काल शुरू कर दी जाए। वह बुधवार को वीडियो कांफ्रेंस में कारपोरेशन अफसरों से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि सरकार 2016 से से ही 24 घंटे बिजली सप्लाई कराएगी। शहरों को 24 घंटे, कस्बों को 20 और गांवों को 18 घंटे बिजली दी जाएगी। सरकार ने बिजली उत्पादन की तैयारी शुरू कर दी है।
अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में इसके लिए पावर स्टेशनों, विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों सहित जरूरी सामान का एस्टीमेट बनाकर तत्काल काम शुरू करना है। अगस्त तक 20 लाख उपभोक्ता बनाए जाने हैं।
इसमें लापरवाही सहन नहीं होगी। वीडियो कांफ्रेंस में चीफ इंजीनियर राशिद अबरार, एसई एसबी यादव, एमसी शर्मा, एसपी राम, एक्सईएन मीटर एके आत्रे सहित जिले के सभी एक्सईएन मौजूद रहे।
यह भी दिए गए आदेश
शहरों की विद्युत लाइनों को जरूरत के अनुसार अंडरग्राउंड किया जाए।
ट्रांसफार्मर 24 घंटे और विद्युत पोल 48 घंटे में बदला जाए।
कालोनियों की सप्लाई को सर्किट बनाकर डिवाइड किया जाए।
लोगों को जरूरत के अनुसार तत्काल कनेक्शन दिए जाए।
प्राप्त बिजली को हर हाल में उपभोक्ताओं तक पहुंचाए।
बिजली के अनुसार राजस्व की प्राप्ति हर हाल में प्राप्त की जाए।
गांवों में भी मीटर लगाकर सप्लाई देने पर विचार किया जाए।
शहरों में फाल्ट ठीक कराने को रात में गैंग लगाए जाएं।