मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया था। शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मानक केंद्र में 8.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजघाट में 22.3, लोधी रोड में 11.2, पूसा में 13.5, नजफगढ़ में 11, रिज में 1.8, आया नगर व पालम में 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम के साथ 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का 100 से 88 फीसदी रहा। बृहस्पतिवार को हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यहां सबसे ज्यादा हालत रही खराब
शाहदरा, कृष्णा नगर, सूरजमल विहार, ज्वाला नगर, विश्वास नगर, संगम विहार, नजफगढ़ और द्वारका सहित सैकड़ों स्थानों पर जलभराव के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। प्रशासन ने जल निकासी के लिए पंपों का इस्तेमाल किया। वहीं, शिव विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थिति इतनी भयावह हो गई थी कि लोग ट्रैक्टर के ऊपर से सड़क पार करते नजर आए।
29 जून से अब तक 234.6 मिमी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जून को मानसून की दस्तक से लेकर दिल्ली में अब तक 234.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 217.5 मिलीमीटर है। केवल जुलाई में सफदरजंग में 10 दिन में 127.5 व इस माह की सामान्य बारिश 143 मिलीमीटर दर्ज की गई। पालम में इस माह 13 दिन में 228.6 मिलीमीटर बारिश हुई जो सामान्य मासिक औसत 150.7 मिमी से 52 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की सक्रियता के कारण अगल कुछ दिन तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी रहेगा।