अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर दिल्ली में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के मौके पर 208 दिव्यांगजनों को 356 सहायक उपकरण बांटे गए। शिक्षा और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें दृष्टिहीन महिला टी-20 वर्ल्ड कप टीम की अनु कुमारी, इटली में हुए स्पेशल ओलंपिक विंटर गेम्स की स्नो शूइंग विजेता पूजा छोटी, पोलैंड में वॉलीबॉल वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली कल्याणी और एशिया पैसिफिक बोचे बॉलिंग गेम्स की स्वर्ण विजेता प्रियंका शामिल रहीं।
लोधी रोड स्थित श्रीसत्य साईं ऑडिटोरियम में दिल्ली सरकार की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दिव्यांगजनों को अच्छी गुणवत्ता वाले सहायक उपकरण बांटे गए। समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बना रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने विकलांग की जगह दिव्यांग शब्द का उपयोग शुरू कर सम्मान और सामर्थ्य का संदेश दिया। सुगम्य भारत अभियान और दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 की वजह से देश दिव्यांग अधिकारों के मामले में तेजी से प्रगतिशील राष्ट्रों में शामिल हुआ है।
दिव्यांगजनों
का जीवन किया आसान : इंद्राज
मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने पिछले 9 महीने में दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिव्यांगजन और उनके परिजनों को राहत देने के लिए 6000 रुपये मासिक अटेंडेंट अलाउंस शुरू किया है। वहीं ओलंपिक और पैरालंपिक खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक जीतने पर सात करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने पर पांच करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने पर तीन करोड़ रुपये तक के पुरस्कारों की घोषणा की है।
एशियाई और पैरा एशियाई खेलों के लिए भी बड़े पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार यूडीआईडी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तेज करने के लिए विभागों और मेडिकल बोर्डों को निर्देश दे चुकी है। दिव्यांगजन देश की प्रेरणा हैं, सरकार उनके सुझावों पर हमेशा खुलकर काम करेगी।