गुड़गांव के कन्हई गांव स्थित झुग्गियों में सोमवार देर रात एक छोटा सिलेंडर फटने से आग लग गई। आग ने आसपास की 200 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। शुरूआती जांच में आग का कारण सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:तनाव बरकरार, अभी नहीं हटेगा कर्फ्यू
रात दस बजे कन्हई गांव की झुग्गियों से आग की लपटें निकलते देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते आग ज्यादा फैल गई और दूसरी झुग्गियों से भी लोग निकलकर बाहर भाग निकले। चारों तरफ अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देर रात तक फायर ब्रिगेड के चले रेसक्यू ऑपरेशन के बाद 200 झुग्गियों के जलने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें: क्या बजाज मोटर्स में हो रही है हड़ताल की तैयारी?
हालांकि, आगजनी में किसी की मौत की कोई खबर नहीं है। घटना के बाद खतरे को देखते हुए आसपास से गुजर रहे बिजली के तारों से सप्लाई कट कर दी गई। पुलिस के अनुसार फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
एक अन्य घटना में भीम नगर में एक घर में खाना बनाते वक्त आग लग गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।