दिल्ली पुलिस ने आरक्षण को लेकर 20 मार्च से शुरू हो रहे जाट आंदोलन को देखते हुए तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि जाट प्रदर्शनकारी व उनके वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
जाट आंदोलनकारियों के वाहनों खासकर ट्रैक्टर-ट्राली को हमेशा के लिए जब्त कर लिया जाएगा। जब्त किए वाहनों को फिर छोड़ा नहीं जाएगा। दिल्ली पुलिस ने जाट आंदोलन को देखते हुए बाहरी फोर्स की मांग की है।
आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस को बाहरी फोर्स मिल भी रही है। दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि जाट आंदोलन के चलते दिल्ली के लोगों के कानूनी व संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मधुर वर्मा ने बुधवार रात करीब आठ बजे मीडिया को पुलिस हेडक्वार्टर बुलाकर जाट आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस की तैयारियां व रणनीति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 20 तारीख से जाट आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरी तैयारी कर रही है।
गैरकानूनी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
file photo
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने सभी विशेष पुलिस आयुक्त, रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त, जिला डीसीपी और सभी थानाध्यक्षों की बुधवार को बैठक बुलाई थी। आंदोलन को देखते हुए तैयारी व प्लानिंग की गई। दिल्ली के बार्डरों से जाट आंदोलनकारियों की गाड़ियों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
बार्डरों पर एंटी राइट्स उपकरणों के साथ फोर्स की विशेष तैनाती की जाएगी। लाठी व हथियारों के साथ आंदोलनकारियों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसकी दिल्ली पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है।
सेंट्रल एजेंसियों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स, सीआरपीएफ की तैनाती की जाएगी। जिला पुलिस के अलावा दिल्ली पुलिस की अन्य यूनिटों का स्टाफ भी तैनात किया जाएगा। दिल्ली में मौजूद जाट आंदोलनकारियों का देखते हुए हर जिले में रिजर्व फोर्स तैनात की जाएगी।
जाट प्रदर्शनकारी अनुमति नहीं मांगते
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मधुर वर्मा से जब पूछा गया कि क्या जाट आंदोलनकारियों ने दिल्ली में आंदोलन की अनुमति मांगी है तो उन्होंने कहा कि जाट प्रदर्शनकारी आंदोलन की अनुमति नहीं मांगते हैं।
एक प्रदर्शन व उसमें शामिल होने वाले लोगों की सीमा होती है। अगर लोग कानून के दायरे में रहकर प्रदर्शन करें तो उसकी अनुमति दी जाएगी। अनुमति लेकर प्रदर्शन किया जाएगा तो दिल्ली पुलिस को कोई परेशानी नहीं होगी। फिलहाल जाट प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी है।