केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मुफ्त जेनेरिक दवा स्टोर का उद्घाटन किया। सोमवार से ओपीडी में इलाज कराने आने वाले सभी मरीजों के लिए मुफ्त दवा उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कनवर्जेन्स ब्लॉक का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य सचिव, एम्स निदेशक, कई अन्य वरिष्ठ चिकित्सक व एम्स कर्मी मौजूद थे।
एम्स में जेनेरिक दवा स्टोर पर मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए कुल 15 काउंटर खोले गए हैं। स्टोर में 200 तरह की जेनेरिक दवाएं मिलेंगी। मेडिसिन स्टोर सुबह आठ से शाम छह बजे तक खुला रहेगा। इसका लाभ ओपीडी में इलाज कराने आने वाले सभी मरीज ले सकते हैं।
पढ़ें: एम्स ओपीडी में एडवांस बुकिंग की शुरुआत
हालांकि एम्स के चिकित्सकों और स्वास्थ्य मंत्री ने अनुमान लगाया है कि करीब 4000 मरीज प्रतिदिन मुफ्त दवा लेने के लिए स्टोर तक पहुंचेगे। हालांकि प्रति दिन एम्स ओपीडी में इलाज के लिए नौ से दस हजार मरीज पहुंचते हैं।
मुफ्त दवा से सरकारी खजाने पर प्रति माह 1.2 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। एम्स में कुछ समय पहले तक एलोपैथी दवा 56 प्रतिशत छूट के साथ मरीजों के लिए उपलब्ध थीं, लेकिन दवा दुकानदार की अनियमितता की वजह से उसे बंद करने का फैसला लिया गया था।
गुलाम नबी आजाद ने एम्स के कनवर्जेन्स ब्लॉक का भी उद्घाटन किया। बेसमेंट सहित 11 मंजिला इस इमारत में बायोलॉजी, एनाटोमी, बायोकेमिस्ट्री, फिजियोलॉजी, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, टीचिंग रूम, लैब, रिसर्च यूनिट सहित कुछ अन्य विभागों को शिफ्ट किया गया है। इसके निर्माण पर 50.85 करोड़ रुपये खर्च आया है।
एम्स निदेशक डॉ. एम सी मिश्रा ने कहा कि एम्स में मरीजों की सुविधा के लिए कई अन्य जरूरी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।