लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अब सिर्फ दो दिन बाकी रह गए हैं। पंद्रह मार्च से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में जहां तीन दिन में 15 नामांकन दाखिल हुए थे। वहीं चौथे दिन 19 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे।
दिल्ली की सभी सीटों पर अब तक कुल 34 प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुके हैं। बृहस्पतिवार को कांग्रेस के चांदनी चौक प्रत्याशी कपिल सिब्बल, भाजपा के पूर्वी दिल्ली प्रत्याशी महेश गिरी, आम आदमी पार्टी के उत्तर पूर्वी दिल्ली प्रत्याशी प्रो. आनंद कुमार ने पर्चे भरे।
यह भी पढ़ें:'हम एहसान नहीं रखते, यूपीए को समर्थन देंगे'
नई दिल्ली सीट के प्रत्याशी आशीष खेतान, बसपा के पूर्वी दिल्ली प्रत्याशी मो. शकील सैफी व उत्तर पूर्वी दिल्ली प्रत्याशी अब्दुल समी सलमानी ने नामांकन केंद्रों पर अपने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए।
वहीं दक्षिण दिल्ली सीट पर नया दौर पार्टी के शहिद के अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी ने नाम दाखिल किए। उधर, उत्तर पश्चिम दिल्ली से अक्षय समाज पार्टी के इंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर पैंथर्स पार्टी के जयराम लाल, निर्दलीय प्रत्याशी कुमार विवेक गौतम, डा. कैलाश शंकर त्रिवेदी और मनजीत सिंह ने पर्चा भरा।
यह भी पढ़ें:सहवाग ने कांग्रेस से चुनाव लड़ने का ऑफर ठुकराया
वहीं चांदनी चौक से भारतीय जनता दल (इंटीग्रेटेड) से अल्ताफ हुसैन, कल्याणकारी लोकतांत्रिक पार्टी से अजय कुमार खेमका ने नामांकन किया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी जेपी अग्रवाल, संदीप दीक्षित, अजय माकन नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा प्रत्याशी डॉ. हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा, उदित राज और मीनाक्षी लेखी भी शुक्रवार को ही पर्चा दाखिल करेंगी।