राजस्थान में आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जरों द्वारा किए जा रहे आंदोलन को देखते हुए कोटा और मुंबई जाने वाली 15 ट्रेनों का संचालन रोक दिया है। ऐसे में मुंबई जाने वाले यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। अभी यह समस्या खत्म होती नजर नहीं आ रही है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले रेल पूछताछ अथवा एनटीईआरएस पर गाड़ियों की जानकारी अवश्य कर लें।
सोमवार से गुर्जर आंदोलन का असर फरीदाबाद रूट पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा। इस रूट की 14 एक्सप्रेस व सुपरफास्ट गाड़ियों का संचालन बंद होने से फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल से सफर करने वाले यात्री परेशान रहे। रेलवे का कहना है कि मंगलवार को भी इस रूट की 15 ट्रेनें रद्द रहेगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा का कहना है कि मंगलवार को मथुरा की ओर जाने वाली अमृतसर से मुंबई सेंट्रल गोल्डन टैंपल, निजामुद्दीन से कोटा हॉली डे स्पेशल, फिरोजपुर से मुंबई सेंट्रल जनता एक्सप्रेस, देहरादून से बांद्रा एक्सप्रेस, मेरठ से मंदसोर लिंक एक्सप्रेस, निजामुद्दीन से कोटा जनशताब्दी एक्सप्रेस, निजामुद्दीन से उदयपुर मेवाड़ इंटरिसटी एक्सप्रेस तथा दिल्ली की ओर आने वाली कोटा से निजामुद्दीन हॉली डे स्पेशल, बांद्रा से देहरादून एक्सप्रेस, मंदसोर से मेरठ लिंक एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल से फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, इंदौर से निजामुद्दीन इंटरसिटी एक्सप्रेस, उदयपुर से निजामुद्दीन इंटरसिटी एक्सप्रेस, कोटा से निजामुद्दीन जनशताब्दी एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल से अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल निरस्त कर दी गई है।