फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इन 12 सवालों से बिल्डरों को घेरेगा प्राधिकरण

Thu, 18 May 2017 09:19 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन
आगामी 24 अप्रैल से शुरू हो रही त्रिपक्षीय बैठक का एजेंडा प्राधिकरण ने तय कर लिया है। प्राधिकरण ने 12 सवाल बनाए हैं, जिन पर बिल्डर से जवाब मांगा जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक पहला सवाल, बिल्डर ने फ्लैट पर पजेशन देने की तिथि खुद तय की थी तो अब पजेशन क्यों नहीं दे रहा।
विज्ञापन


दूसरा, कंपलीशन सर्टिफिकेट के बिना पजेशन कैसे दे दिया। तीसरा, बिल्डर व खरीदार के बीच एग्रीमेंट का पालन क्यों नहीं किया जा रहा। चौथा, फ्लैट खरीदारों से 95 फीसदी तक पैसा वसूल लेने के बावजूद प्राधिकरण का पैसा क्यों नहीं जमा किया।

पांचवां, बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को पूरा क्यों नहीं कर रहे। छठा, स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण न करना और गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होना। सातवां, ‘पजेशन तक कोई ईएमआई नहीं’ योजना के तहत फ्लैट खरीदने वालों से पजेशन से पहले ही किस्त क्यों मांगी जा रही है।
विज्ञापन


प्राधिकरण के अनुसार आठवां सवाल बुकिंग के समय सुपर एरिया और कारपेट एरिया में फर्क न बताने पर होगा। नौवां, जिन फ्लैटों में पजेशन दे दिया गया है वहां मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं दी गईं। 10वां, बिना कंप्लीशन सर्टिफिकेट के ऑफर ऑफ पजेशन लेटर भेजकर फाइनल भुगतान क्यों मांगा जा रहा है।

11वां, पजेशन की स्वीकृति और रजिस्ट्री के बिना खरीदारों को पजेशन क्यों दिया गया। 12वां, बिल्डरों से मिलने जाने वाले खरीदारों से स्टाफ द्वारा अशोभनीय व्यवहार क्यों किया जा रहा है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि त्रिपक्षीय बैठक में इन सभी सवालों पर जवाब मांगा जाएगा।

आम्रपाली के खरीदारों से बैठक की जगह बदली
आम्रपाली बिल्डर के प्रोजेक्ट में पैसा लगाने वाले खरीदारों से बैठक की जगह बदल गई है। पहले यह बैठक नॉलेज पार्क फोर स्थित प्राधिकरण दफ्तर में प्रस्तावित की गई थी। अब यह पुराने दफ्तर के बोर्ड रूम में होगी। प्राधिकरण के एसीईओ जनार्दन ने बताया कि 24 मई से त्रिपक्षीय बैठक होगी, जिसमें सबसे पहले आम्रपाली के खरीदारों को बुलाया गया है।

बिल्डर भी शामिल होगा। एसीईओ के मुताबिक आम्रपाली स्मार्ट सिटी (सेक्टर-4) के खरीदारों को 24 मई को बुलाया गया है। आम्रपाली ड्रीम वैली (टेकजोन-4) के खरीदारों को 31 मई, आम्रपाली लेजरवैली (जीएच-01 टेकजोन-4) के खरीदारों को 7 जून, आम्रपाली लेजर वैली (जीएच-02, टेकजोन-4) के खरीदारों को 14 जून और आम्रपाली सेंचुरियन (जीएच-05, टेकजोन-4) के खरीदारों को 21 जून को बुलाया गया है। 

ग्रेनो प्राधिकरण में पास सिस्टम लागू
तीन दिन पहले बड़ी तादाद में पहुंचे फ्लैट खरीदारों ने प्राधिकरण सीईओ के दफ्तर में हंगामा कर दिया था। इससे सबक लेकर प्राधिकरण ने नोएडा की तर्ज पर पास सिस्टम लागू कर दिया है। अब पब्लिक का प्रवेश पास के जरिये होगा। पास बनाते समय आवेदक को नाम व पता के अलावा यह भी बताना होगा कि उसे किस काम से और किस अधिकारी से मिलना है।

सुबह दफ्तर खुलने के बाद दोपहर 2 बजे तक पास बनेगा। उसके बाद प्रवेश बंद हो जाएगा। अगर दो बजे के बाद कोई जाता है, तो उसे जनसंपर्क विभाग से अनुमति लेनी होगी। अहम बात यह है कि सोमवार से फोटो युक्त पास जारी किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें