जिले में कोरोना के 110 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। संक्रमण मुक्त हुए 158 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 16432 हो गई है। इनमें से 14840 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अभी 1512 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण की चपेट में आने से अब तक 80 मौत की पुष्टि प्रशासन ने की है।
जिले में अब तक 3.63 लाख से अधिक की हुई कोरोना जांच
अब तक जिले में 3.63 लाख से अधिक लोगों की कोरोना जांच की गई है। इनमें से 2.19 लाख जांच एंटीजन किट से जबकि 1.44 लाख से अधिक जांच आरटी-पीसीआर लैब में कराई गई। जनपद में आरटी-पीसीआर जांच के लिए रोजाना औसतन एक हजार सैंपल लिए जा रहें हैं। इनमें से लगभग सात सौ सैंपल जांच के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स में भेजे जाते हैं, जबकि 300 जांच जिला एमएमजी अस्पताल में संचालित आरटी-पीसीआर लैब में होती हैं। अब तक कोरोना की नौ हजार जांच ट्रूनेट मशीन से हो चुकी है। अब दो दिन में जांच रिपोर्ट मिल रही है। सोमवार को कुल 927 सैंपलों की रिपोर्ट प्रतीक्षारत थीं। जिले में संचालित सैंपल बूथों पर 32 टीमें काम कर रही हैं।
एमएमजी अस्पताल में रोज हो रहे 300 टेस्ट : जिला एमएमजी अस्पताल स्थित आरटी-पीसीआर लैब में अब रोजाना औसतन 300 टेस्ट हो रहे हैं। शुरू में यह संख्या केवल 150 थी। सीएमओ ने बताया आरटी-पीसीआर लैब में पांच लैब टेक्नीशियन और लगाए गए हैं। लैब में टेक्नीशियनों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। इससे लैब में होने वाली जांच की संख्या बढ़ गई है।