मोदीनगर थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व अधिवक्ता के 11 वर्षीय भतीजे की अपहरण के बाद की गयी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बकौल पुलिस अतिक्रमण हटवाने को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते छात्र की हत्या की गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वाहन व गम्छा बरामद कर लिया है। घटना में शामिल एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
एसपी देहात नीरज जादौन ने बताया कि सारा रोड स्थित मानवतापुरी कालोनी निवासी तहसील अधिवक्ता मोहित बंसल के भाई संजीव बंसल किराना व्यापारी हैं। गत सप्ताह जब उनका पुत्र आदित्य बंसल (11) शनिवार की रात कॉलोनी के बच्चों के साथ खेल रहा था।
इसी बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था। इस मामले में आदित्य के चाचा एडवोकेट मोहित बंसल ने थाने में दो युवकों द्वारा अपहरण किये जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।परिजन व पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी रहीं मगर अपहरण के 15 घंटे बाद ही अगले दिन रविवार की सुबह निवाड़ी रोड स्थित शेरपुर मार्ग पर बच्चे का शव एक खेत से पुलिस ने बरामद किया था।
एसपी श्री जादौन ने बताया कि घटना को लेकर तहसील के अधिवक्ता व क्षेत्र के व्यापार संगठन आंदोलन कर रहे थे। इस बीच जांच में जुटी पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की तो पता चला मामला फिरौती से जुडा नहीं है।
आपसी रंजिश के चलते हुई बच्चे की हत्या
थाना प्रभारी संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक के चाचा अधिवक्ता मोहित बंसल का पड़ोस में ही रहने वाले कृष्णपाल चौधरी से अतिक्रमण को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के चलते सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया एक कमरा पुलिस प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया, जिसे लेकर मोहित व कृष्णपाल के बीच रंजिश हो गयी।
रंजिश के चलते ही कृष्णपाल के भतीजे ने घटना को अंजाम देने के लिये षडयंत्र रचा। षडयंत्र के तहत मोहित बंसल के भतीजे आदित्य से उसके पिता की दुकान का पता पूछने के बहाने उसे बाइक पर बैठा लिया और आदित्य का अपहरण कर सारा रोड के रास्ते गांव शेरपुर मार्ग के जंगल में ले जाया गया। वहां उसकी कपडे (गम्छे) से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने हत्याकांड में शामिल कृष्णपाल के भतीजे निवाडी थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी सुधांशु उर्फ जनरल व उसके साथी आकाश उर्फ गोलू उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर अपहरण में प्रयुक्त बाइक, चप्पलें व हत्या में प्रयुक्त गम्छा बरामद कर लिया।
इस घटना में इनका एक साथी फरार बताया गया है। हत्याकांड में शामिल फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिये पुलिस जुटी है। इनके अतिरिक्त हत्या की साजिश रचने में सोहनवीर पुत्र रणवीर, कृष्णपाल उर्फ डाक्टर व कृष्णपाल की पत्नी आशा भी शामिल रहे हैं। इनकी भी गिरफ्तारी शेष है।