जिला अस्पताल में हो रही कोरोना की एंटीजन जांच में स्टाफ की लापरवाही सामने आई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक जांच मैं पॉजिटिव पाए गए 162 में से करीब 100 संक्रमितों को घर सामान लेने के लिए भेज गिया गया। हाल यह है कि 20 फीसदी संक्रमित तो वापस ही नहीं लौटे।
वहीं कुछ मरीजों को कॉल कर जैसे-तैसे बुलाया गया। अब सवाल यह उठता है कि कई घंटों तक संक्रमित न जाने कहां-कहां घूमते रहे और न जाने किस-किस के संपर्क में आए होंगे।
जिला अस्पताल में 26 जून से एंटीजन जांच शुरू हुई। बुधवार तक 3339 मरीजों की जांच में 162 संक्रमित मिले। जिला अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि एंटीजन की जांच होने में करीब आधे घंटे का वक्त लगता है। कर्मचारी ने नमूला लेकर संदिग्धों को छो़ड़ दिया।
कहा गया कि संक्रमित होने पर फोन से जानकारी दी जाएगी। आवश्यकता पड़े तो घर जाकर सामान पैक कर लें। करीब 100 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद घर भेज दिया गया। वहीं कुल संक्रमितों में से 20 फीसदी मरीज ऐसे थे जो लौटकर ही नहीं आए।
उन्होंने जो नंबर जिला अस्पताल में मुहैया कराया था या तो वह गलत था या फिर किसी ने उठाया नहीं। जब ज्यादा फोन किया तो मोबाइल बंद कर लिया। हालांकि कुछ मरीजों ने गंभीरता दिखाई और खुद ही फर्ती होने के लिए आ गए।
कोशिश की जाती है कि मरीज को तुरंत आइसोलेट किया जाए। मरीज को कुछ समय के लिए सामान लाने के लिए घर भेज दिया जाता है। एक-दो वहीं घूमते रहते हैं। लक्षण वाले मरीज को वहीं रोकने की कोशिश की जाती है। अस्पताल में इतनी जगह नहीं है कि सभी मरीजों को एक साथ रोककर रखा जा सके।
-डॉ. वीर बहादुर ढाका, सीएमएस, जिला अस्पताल