दिल्ली में जाह्नवी और अभिनव प्रकरण ने गुमशुदा बच्चों की तलाश में जान फूंक दी है। जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए ऑपरेशन स्माइल चलाया गया। बृहस्पतिवार को नोएडा से करीब 100 बच्चों को चौराहों से भीख मांगते, गाड़ियों के शीशे साफ करते, ढाबों या चाय वालों के पास काम करते और सड़कों पर सोते हुए बरामद किया गया है।
इनकी उम्र आठ से 12 साल तक है। इसमें 48 बच्चों को शेल्टर होम भेजा गया है जबकि 52 को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। गाजियाबाद में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए ऑपरेशन स्माइल चलाया गया है। इसमें सैकड़ों बच्चों को उनके परिवार से मिलाया गया।
इस मुहिम के तहत बृहस्पतिवार को डीआईजी ने पूरे प्रदेश में गुम हुए बच्चों की तलाश कर परिवार से मिलाने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रदेश स्तर पर आपरेशन स्मॉइल चलाया गया। गौतमबुद्ध नगर में लोकल स्तर पर पुलिस की छह टीमें बनाई गई हैं। मामले के नोडल अफसर सीओ फर्स्ट शिवराम यादव ने बताया कि टीमों ने भीख मांगने वाले करीब 100 बच्चों को बरामद किया है।
इनमें से करीब 52 बच्चों को उनके माता-पिता के साथ भेज दिया है। इसके अलावा 48 बच्चे ऐसे हैं, जिनको अपने माता-पिता के बारे में या तो मालूम नहीं हैं, या फिर वे बिहार, एमपी, महाराष्ट्र, राजस्थान जैसे दूर के प्रदेशों से यहां आए हुए हैं।
लाउडस्पीकर से बताएंगे अभिनव के बारे में
सेक्टर-58 पुलिस ने तीन ऑटो में लाउडस्पीकर लगवाकर शहर भर में रवाना किए हैं। ऐसे स्थानों पर अभिनव का ब्यौरा बताया जाएगा। सीओ टू विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों ऑटो शहर भर में अभिनव के बारे में बताकर उसको ढूंढने में मदद करेंगे।
गुमशुदा बच्चों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने इस मुहिम की कमान खुद संभाली है। गुमशुदा बच्चों की जानकारी के लिए नोएडा पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर (0120- 2549330, 2444596, 2514750, 8800199922) जारी किए हैं।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों, चौकी प्रभारियों, पीसीआर व लैपर्ड वाहनों पर तैनात पुलिस वालों को सख्त आदेश दिए हैं कि बच्चों का सत्यापन जरूर करें। वहीं, संदिग्ध पाए जाने पर बच्चों को सामाजिक संगठन चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपें।
बच्चों का होगा सत्यापन
एसएपी ने अफसरों को निर्देशित किया कि वे चौराहों पर बच्चों को लेकर भीख मांगने वाले लोगों को पकड़कर उनसे बच्चों के बारे में जानकारी हासिल करें। होटलों, गैराजों व चाय की दुकानों पर काम करने वाले बच्चों के बारे में भी जानकारी लेने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इनका सत्यापन भी करें, ताकि इनको अपने परिवार से मिलाया जा सके।
यूपी रोडवेज भी जुड़ा मुहिम में
अभिनव की तलाश में अब यूपी रोडवेज भी जुट गया है। यूपी रोडवेज ने बसों और बस अड्डों पर अभिनव के पंफलेट चिपका दिए हैं। अन्य जगह भी पंफलेट भेज दिए गए हैं।
विधायक ने दी पीड़ितों को सांत्वना
भाजपा विधायक विमला बाथम बृहस्पतिवार को बिशनपुरा स्थित अभिनव के परिजनों से मिलीं और पीड़ित परिजनों से कहा कि वह विश्वास रखें कि एक दिन अभिनव वापस जरूर आएगा। इसके अलावा सेक्टर-71 से पिछले दिनों गुमशुदा हुए रोहन के परिजनों से भी मिलकर उनको ढांढस बंधाया। इस मौके पर प्रवक्ता विनोद शर्मा मौजूद रहे।
बच्चों की तलाश में सोशल मीडिया
नोएडा से गुमशुदा हुए बच्चों की तलाश में सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत लोग फोटो शेयर कर रहे हैं। इसके जरिये लोग गुमशुदा बच्चों को ढूंढने की अपील कर रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिये आम नागरिक लोगों को जागरूक कर रही हैं।