गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने आयकर विभाग को स्कॉलरशिप खातों की सूची उपलब्ध करा दी है। विभाग के सूत्रों के मुताबिक करीब 10 हजार खातों की सूची डीएम ने उपलब्ध कराई है, जो कि सीडी में मौजूद है। बीते दिनों आयकर विभाग ने गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के डीएम से स्कॉलरशिप खातों की जानकारी मांगी थी।
आयकर विभाग ने बीते दिनों एक स्कॉलरशिप खाते में नोटबंदी के बाद जमा हुई बड़ी रकम का संज्ञान लेते हुए गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के डीएम से छात्रों के स्कॉलरशिप खातों की जानकारी मांगी थी। आयकर विभाग सूत्रों के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने यह जानकारी उपलब्ध करा दी है। करीब 10 हजार स्कॉलरशिप खातों की सूची एक सीडी में उपलब्ध कराई गई है। बुलंदशहर के डीएम की ओर से जानकारी आयकर विभाग को नहीं मिली है। आयकर विभाग अब बैंकों से स्कॉलरशिप खातों की बैंक डिटेल मांगेगा। ऐसे खाते जिनमें बड़ी रकम जमा मिलेगी, उन खाता धारकों से पूछताछ होगी।
नोएडा। दादरी रेलवे रोड स्थित जनालक्ष्मी बैंक की जांच कराने को लेकर आयकर विभाग को एक प्रार्थना पत्र मिला है। इसमें कहा गया है कि ग्रामीण महिलाओं ने 30 हजार रुपये लोन लिया था। 24 महीने में 1620 व 1580 रुपये की मासिक किस्त निर्धारित हुई थी। इसकी एवज में महिलाओं के पहचान पत्र बैंक ने ले लिए थे। इसमें आधार कार्ड आदि शामिल है।
बैंक ने आठ नवंबर 2016 के बाद 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट लेने से मना कर दिया। किस्तें जमा करने के लिए नए नोट की मांग हो रही है और नए नोट न दे पाने की स्थिति में मुकदमा दायर करने की धमकी दी जा रही है। पत्र में बैंक की गतिविधियों को संदेह जनक बताते हुए पहचान पत्र के गलत इस्तेमाल का शक जताया गया है और जांच का निवेदन किया है।