विदेश में कार्यरत इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारी के बैंक खाते को हैक कर दस लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। नोएडा में हैकरों ने नेट बैंकिंग के जरिये यह राशि लखनऊ के दो बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। अधिकारी की शिकायत पर थाना सेक्टर-20 ने मामला दर्ज कर लिया। लखनऊ के खातों को बंद करने से पहले ही उनसे करीब 4.75 लाख रुपये निकाल लिए गए।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-15 निवासी सुशील कुमार इंडियन ऑयल कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी हैं। वह इन दिनों कंपनी की ओर से विदेश गए हैं। उनका पत्नी के साथ सेक्टर-18 स्थित आईसीआईसीआई बैंक में ज्वाइंट अकाउंट है। सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 दिसंबर को हैकरों ने उनके खाते से दस लाख रुपये नेटबैंकिंग के जरिये लखनऊ स्थित अलग-अलग बैंक के दो खातों में ट्रांसफर कर लिए।
एक खाते में 3.20 लाख, जबकि दूसरे में 6.80 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। दोनों खाते हाल ही में खोले गए हैं। मोबाइल पर रकम ट्रांसफर होने का एसएमएस मिलने के बाद उन्होंने कस्टमर केयर में फोन कर ट्रांजेक्शन बंद कराया। वहीं, लखनऊ स्थित दोनों बैंकों को इस बाबत जानकारी देकर खाते सीज कराए गए। इससे पहले ही एक खाते से 3.20 लाख रुपये और दूसरे खाते से 1.55 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस खातों मालिकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।