आंधी और बारिश के कारण सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले एक मई 2004 को न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दो मई 1982 को न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। यह अब तक का ऑल टाइम रिकॉर्ड है। जबकि बीते साल 22 मई को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली में सोमवार को सुबह 8.30 बजे तक 12.3 एमएम और शाम 5.30 बजे तक 0.3 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि आयानगर में सुबह 8.30 बजे तक सर्वाधिक 52.2 एमएम, नजफगढ़ में 29 एमएम और पालम में 27.6 एमएम और लोदी रोड में 13.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। वहीं बादलों के गरजने, बिजली चमकने की संभावना जताई है। हल्की बारिश होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इसके बाद 27 मई से तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी।