राजधानी की सभी सात सीटों पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या 1.80 लाख अधिक हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि इस माह के आखिरी तक यह आंकड़ा दो लाख पार जा सकता है।
पिछले सप्ताह यह आंकड़ा 1.58 लाख था, लेकिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी(सीईओ) कार्यालय की ओर से मतदान के प्रति जागरूकता और मतदाता सूची में नए नाम दर्ज करवाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में लगातार सैकड़ों की संख्या में मतदाता शामिल हो रहे हैं।
पिछले दिनों के दौरान शैक्षणिक संस्थानों में हुए कार्यक्रमों के दौरान जागरुकता के साथ साथ युवा मतदाताओं को सूची में अपना नाम दर्ज करवाने की सुविधा भी मुहैया करवाई गई।
इस दौरान एक इंजीनियरिंग कॉलेज में 3000 से अधिक युवक-युवतियों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए फॉर्म भरे। अन्य संस्थानों, मतदान केंद्रों के अलावा अभी ऑनलाइन पंजीकरण का सिलसिला भी चल रहा है। ब्यूरो
पहली बार वीवीपैट का कर सकेंगे इस्तेमाल
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए इस बार पहला ऐसा मौका होगा जब उन्हें वोटिंग के दौरान वीवीपैट पर अपने प्रत्याशी को किए गए वोट की पर्ची भी देखने का मौका मिलेगा। सात सेकेंड के दौरान मशीन में पर्ची दिखेगी ताकि कोई भी मतदाता संशय में न रहे।