मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले मतदाताओं को जागरूक करने के लिए दिल्ली में करीब 3000 ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के बाद संशोधित सूची को देखते, नए पंजीकरण समेत अन्य बदलाव के लिहाज से ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव से पहले मतदान के प्रति जागरुकता और मताधिकार का महत्व समझाने के लिए जिंगल्स, नुक्कड़ नाटक, साइनेज बोर्ड के अलावा ब्रांड आइकॉन को भी इस अभियान में शामिल किया गया है।
क्रिकेटर ऋषभ पंत, गायक मोहित चौहान के अलावा मनिका बत्रा सहित अन्य ब्रांड आइकॉन भी इस अभियान से जुड़े हैं। वोटरों को जागरूक करने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर आउटडोर कैंपेन के अलावा एफएम चैनल्स पर भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
12 तरह के दस्तावेज से साबित होगी आपकी पहचान
मतदान के लिए केवल मतदाता सूची का होना काफी नहीं है। वोटिंग के लिए पहुंचने पर अपनी पहचान बताने के लिए पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित पहचान पत्र सहित 12 तरह के दस्तावेज में से एक का होना अनिवार्य होगा। 12 मई को दिल्ली में होने वाले मतदान के लिए पर्ची के साथ साथ अपनी पहचान को भी दस्तावेज के जरिये साबित करना होगा।