जेवर कोतवाली क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर इंटरचेंज पर बस के इंतजार में खड़े मोबाइल व्यापारी को लिफ्ट देकर बदमाशों ने तमंचे की बट से मारपीट कर 1.68 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरे जीरो प्वाइंट के पास व्यापारी को फेंक कर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने घटना को नोएडा की बताकर शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस के इस रवैये से पीड़ित सदमे में है।
रविवार सुबह जेवर कस्बे के मोहल्ला बनी इस्राईल निवासी सतेंद्र गोयल अपने बेटे को पढ़ाई की फीस देने और मोबाइल खरीदने दिल्ली जा रहे थे। उनका बेटा दिल्ली के लक्ष्मी नगर में रहकर सीए की पढ़ाई कर रहा है। जेवर इंटरचेंज के पास बस का इंतजार कर रहे थे। तभी एक कार उनके पास आकर रुकी, जिसमें दो लोग सवार थे।
इंटरचेंज पर खड़े सतेंद्र लिफ्ट लेकर कार में बैठ गए। गाड़ी में बैठते ही लुटेरों ने धूप आने की बात कह कार के शीशों पर धूप से बचने वाले गार्ड लगा दिए ताकि बाहर से कुछ दिखाई न दे सके। कुछ दूर आगे जाकर बदमाशों ने गाड़ी को रोक लिया और सतेंद्र पर तंमचे बट से मारपीट कर बंधक बना लिया। बदमाशों ने व्यापारी से 1.68 लाख रुपये, सोने की अंगूठी, सिम कार्ड निकालकर मोबाइल लूट लिया। सतेंद्र को जीरो प्वाइंट के पास सर्विस रोड पर फेंक कर फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी किसी तरक जेवर पहुंचा और कोतवाली पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले को नोएडा को बताकर शिकायत दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया। उधर पीड़ित घटना के बाद पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से सदमे में है।
इस बारे में जेवर कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र कुमार यादव का कहना है कि बदमाश व्यापारी को सवारी की तरह व्यवहार करके बिठाकर लेकर गए। बदमाशों ने हमारी कोतवाली क्षेत्र से बाहर जीरो प्वाइंट पर घटना को अंजाम दिया। घटना हमारे क्षेत्र की नही है, ऐसे में मुकदमा दर्ज करने का सवाल ही नहीं उठता।