पुलिस ने भंगेल गंदा नाला तिराहे से दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सिंघम उर्फ संगम निवासी बिहार और दीपक निवासी गुलावठी बुलंदशहर के रुप में हुई है। इनकी निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों कंपनियों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को अपना निशाना बनाते थे। इससे पहले यह रेकी करते थे। इसके बाद घटना को अंजाम देते थे।
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि फेज-2 इलाके में बीते कई महीनों से बाइक चोरी होने की घटना बढ़ रही थी। इस पर पुलिस ने कई जगहों पर चेकिंग की। शनिवार को भंगेल में एक बाइक से जा रहे दो लोगों को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस को देख वह भागने लगे।
कुछ दूर पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में बाइक के कागज नकली निकले। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर पांच बाइक बरामद की। यह बदमाश अब तक नोएडा, दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, गाजियाबाद से कई बाइक चोरी कर चुके हैं।
दो से तीन हजार में बेचते थे बाइक
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि बाइक चोरी करने के बाद यह लोग नजदीक के खाली पड़े प्लाट व झाड़ियों में बाइक छिपाकर रखते थे। रात में यह बाइक वहां से ले जाते थे। नंबर प्लेट बदलकर गांव में दो से तीन हजार रुपये में बेचते थे।
मास्टर चाबी का करते थे इस्तेमाल
बाइक चुराने से पहले यह लोग रेकी करते साथ ही कंपनी के बाहर ग्रीन बेल्ट में बैठा करते थे। इनके पास मास्टर चाबी थी। बाइक के पास खड़े होकर यह लॉक खोलते और बाइक लेकर फरार हो जाते थे।