हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुरी घाट पर स्नान कर रहा एक युवक रेलिंग के पार जाने के कारण गंगा में डूब गया। साथी को डूबते देख दूसरे युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। लेकिन दोनों ही पानी के तेज बहाव में बह गए। देखते ही देखते दोनों पानी में ओझल हो गए। गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर दोनों की पानी में तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नही चल सका।
जानकारी के अनुसार अनिल सिंह (22) पुत्र बलवीर सिंह निवासी दादरी हरियाणा, रवि (22) निवासी भिवानी हरियाणा व नवीन पुत्र धर्मपाल निवासी भिवानी हरियाणा रविवार की सुबह गोविन्द घाट पर नहा रहे थे। तभी अनिल घाट पर बनी रेलिंग के ऊपर जाकर बैठ गया। इसी बीच उसका बैलेंस बिगड़ने से वह गंगा में गिर गया और पानी के तेज बहाव में बहने लगा।
यह देख उसके साथी रवि ने अनिल को बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी। लेकिन वह अनिल को नहीं बचा सका और दोनों पानी में बहने लगे। यह देख प्रेमनगर गंगा घाट स्नान कर रहे कुछ युवकों ने रस्सी फेंककर दोनों को बचाना चाहा लेकिन वह रस्सी नहीं पकड़ सके।
इसके बाद दो युवकों ने गंगा में बह रहे युवकों को बचाने के लिए गंगा में छलांग भी लगाई। इसके बावजूद वह उन्हें बचाने में कामयाब नहीं हुए। इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की गंगा में तलाश की, लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चल सका है।
अभी भी गंगा में सर्च अभियान जारी है। दोनों के साथ आये साथी नवीन ने बताया कि दस दिन पहले ही वह भेल स्थित एक फैक्ट्री में ट्रेनिंग के लिए आये थे। वह गोविंदपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।