साइबर ठगों ने ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर युवक से 20 लाख रुपये ठग लिए। खुड़बुड़ा निवासी हर्षुल गुप्ता ने साइबर पुलिस स्टेशन को इसकी शिकायत की है।
गुप्ता का कहना है कि वह बीते कुछ दिनों से ऑनलाइन जॉब की तलाश कर रहे थे। इसी बीच तीन अगस्त को उन्हें एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मैरिएट बॉनवॉय होटल चेन से बताया। उसने होटल का प्रमोशन करने के लिए ऑनलाइन कमाई की बात कही। इसके लिए उसे इंस्टाग्राम ग्रुप पर जोड़ लिया गया। यहां उससे 10 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन के लिए मांगे गए जो गुप्ता ने जमा करा दिए। गुप्ता को कुछ रुपये लाभ के रूप में दिए भी गए।
इसके बाद बड़े टास्क देने के नाम पर और रुपये जमा कराए गए। कुल मिलाकर गुप्ता ने कुछ ही दिनों में ठगों के बैंक खातों में 19.94 लाख रुपये जमा कर दिए। गुप्ता ने कई बार अपने पैसों को ऑनलाइन निकालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रुपये नहीं मिले। इस शिकायत के बाद साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।