मंगलवार से दून में यारा फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। इसके पहले शॉट बेहल चौक स्थित खंडहर में लिए गए।
तिग्मांशु धूलिया की यारा फिल्म की शूटिंग
अभिनेता विद्युत जामवाल, संजय मिश्रा, अभिनेत्री श्रुति हसन और स्थानीय कलाकारों संग यहां शूटिंग की गई।
उत्तराखंड में लोकेशंस देखने के बाद निर्देशक तिग्मांशु धूलिया ने अपनी यारा फिल्म की शूटिंग मंगलवार से शुरू कर दी।
पहला शॉट दून में ही लिया गया। फिल्म की शूटिंग की सूचना पर भारी संख्या में लोग यहां पहुंचे, हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें पहले ही रोक लिया और शूटिंग स्थल तक नहीं जाने दिया।
वहीं फिल्म की शूटिंग के साथ ही यहां तिग्मांशु के भतीजे का बर्थ-डे मनाया गया। पहले दिन सेट पर तिग्मांशु की मां सुमित्रा, भाई सुधांशु और भतीजा शशांक पहुंचे। यहां जस्टिस सुधांशु के बेटे के जन्म दिन का केक काटा गया।
मौसम देख खिल उठा चेहरा
विद्युत जामवाल को दून का मौसम बेहद पसंद आया। उन्होंने बताया कि मैं अक्सर यहां आता रहता हूं। दून ही नहीं मसूरी और धनौल्टी भी घूमने जाता हूं।
मुझे हमेशा से उत्तराखंड का मौसम बेहद भाता है। विद्युत ने कहा कि पहले के दून और अब के दून में काफी अंतर भी आ गया है।
अब दून भी बड़े शहरों की तरह लगने लगा है। इस दौरान सतीश शर्मा ने शूटिंग व्यवस्था में मदद पर पुलिस, प्रशासन का आभार जताया।
...बनाते हैं बेवकूफ
शूटिंग के दौरान एक एक्टिंग स्कूल संचालक तिग्मांशु से अपने स्कूल चलने का आग्रह करने लगा, उनके मना करने के बावजूद वो बार-बार उन्हें साथ चलने के लिए बोलता रहा तो तिग्मांशु को गुस्सा आ गया।
उन्होंने उसे डांटते हुए कहा कि मेरे साथ फोटो खिंचवाओगे और युवाओं को झूठे सपने दिखाकर बेवकूफ बनाओगे। उन्होंने जाने से साफ मना कर दिया।