यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के ओजरी क्षेत्र में भूस्खलन होने से करीब 1300 यात्री बीच में फंस गए हैं। लगातार गिर रहे बोल्डर व मलबे के कारण सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं।
हालांकि प्रशासन द्वारा स्यानाचट्टी-तिर्खली पैदल मार्ग से लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं भूस्खलन से ओजरी गांव के दर्जन भर भवन भी खतरे की जद में आ गए हैं।
यमुनोत्री राजमार्ग पर ओजरी व डबरकोट क्षेत्र में बीती रात से हो रहे भूस्खलन से कई यात्री व ग्रामीण बीच में फंस गए हैं। राजमार्ग में कई जगहों पर करीब 80 छोटे बड़े वाहनों में 1300 यात्री फंसे हुए हैं। हालात को देखते हुए यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को प्रशासन ने बड़कोट में ही रोक दिया है।
उधर, पुलिस विभाग व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर फंसे हुए लोगों को स्यानाचट्टी से तिर्खली पैदल मार्ग के रास्ते निकालने में जुटी हुई है। करीब 4 किमी लंबे इस मार्ग से निकलकर लोगों को प्रभावित क्षेत्र के दूसरी ओर तैनात वाहनों के जरिए बड़कोट पहुंचाया जा रहा है।