देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ग्राफिक एरा ने शनिवार को कीर्तिमान स्थापित करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
ग्राफिक एरा मैनेजमेंट की वरिष्ठ पदाधिकारी राखी घनशाला ने कहा कि महिलाएं हर मोड़ पर विकास की नई इबारत लिख रही हैं। सम्मानित महिलाओं की सफलता की कहानियां आने वाली पीढ़ी को नई सीख देंगी और वह सफलता की मिसाल कायम करेंगी।
समारोह में पहुंचीं अर्जुन अवार्ड विजेता महिला पर्वतारोही एवं शिक्षाविद् डॉ. हर्षवंती बिष्ट ने कहा कि सच्ची लगन से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। टीवी एंकर सुमैरा खान ने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन का कोई पर्याय नहीं है। मैक्स हॉस्पिटल की निदेशक एवं पहली महिला इंटरवेंशन कार्डियोलॉजिस्ट लूजा पंत ने कहा कि समाज को सदृढ़ एवं सशक्त बनाने के लिए समान अवसर मिलना बहुत जरूरी है। मशरूम लेडी के नाम से मशहूर दिव्या रावत, उत्तराखंड तकनीकी विवि की कुलसचिव डॉ. अनिता रावत, वरिष्ठ पत्रकार अंजली नौरियाल को भी सम्मानित किया गया। राखी घनशाला ने समारोह में सभी वीमेन अचीवर्स को स्मृति चिह्न, शॉल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व टीवी एंकर सुमैरा खान ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में मास मीडिया के छात्रों से रूबरू हुईं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निरंतर सीखने वाला क्षेत्र है। यहां कोई शॉर्टकट नहीं होता। संचालन प्रो. राजकुमारी धर और साहिब सबलोक ने किया। इस मौके पर ग्राफिक एरा के कुलपति डॉ. आरके शर्मा, हिल विवि के कुलपति प्रो. संजय जसोला, निदेशक डॉ. अजय शर्मा, डॉ. सुभाष गुप्ता भी मौजूद रहे।