न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया
कीर्तिनगर थाना क्षेत्र से उत्तर प्रदेश का मुस्लिम युवक अपने रिश्तेदार और एक स्थानीय युवक की मदद से क्षेत्र की एक नाबालिग को बहला-फुसला कर भगा ले गया था। पुलिस ने मामले में नाबालिग के साथ दोनों युवकों को नजीबाबाद और स्थानीय युवक को कीर्तिनगर से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 26 अक्तूबर को कीर्तिनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विद्यालय प्रबंधन ने थाने में तहरीर दी कि एक नाबालिग छात्रा फर्जी नाम से इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस्लाम का प्रचार-प्रसार कर रही है। पुलिस ने नाबालिग के परिजनों के सामने उसकी काउंसलिंग करवाई। 28 अक्तूबर को नाबालिग के परिजनों ने कीर्तिनगर थाने में दी तहरीर में बताया कि कीर्तिनगर बाजार में सैलून संचालक सलमान (23) निवासी ग्राम अकबरपुरा चौगांवा थाना नजीबाबाद जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी कर उसका धर्म परिवर्तन करवा दिया। रात से उनकी बेटी घर से गायब है।
ये भी पढ़ें...Uttarkashi: गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में दीपोत्सव के साथ शुरू हुई कपाटबंदी प्रक्रिया, दीपों से सजेंगे गंगा घाट
मामले की जांच करने के लिए कोतवाली निरीक्षक देशराज शर्मा के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, एक्टिव सर्विलांस और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस की एक टीम नजीबाबाद के लिए रवाना हुई। 29 अक्तूबर को पुलिस ने आरोपी सलमान और उसके रिश्तेदार शान मलिक (24) निवासी ग्राम मोजमपुर तुलसी थाना नजीबाबाद को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दूसरी टीम ने मामले में स्थानीय निवासी राकेश भट्ट निवासी जाखणी को कीर्तिनगर से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो, अपहरण और धर्म-परिवर्तन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।