इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। एनजीओ संचालिका पूजा बहुखंडी ने पुलिस को दी तहरीर में तीन लोगों का उल्लेख करते हुए उन पर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने मुकदमा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया है।
मुकदमे में आरोपियों के नाम शामिल नहीं करने की बात सामने आई तो अमर उजाला ने यह सवाल सहसपुर थानाध्यक्ष विजय सिंह के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो यह गलत है। मामले में जितने लोगों के खिलाफ शिकायत है उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जाएगी। इस संबंध में सेलाकुई चौकी प्रभारी से पूरी जानकारी लेने के बाद आरोपियों के नाम मुकदमे में जोड़े जाएंगे।
22 हजार में किया अजन्मे बच्चे का सौदा
एनजीओ संचालिका पूजा बहुखंडी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष ने अजन्मे बच्चे का सौदा भी कर लिया था। उन्हें पता चला कि आरोपियों ने एक परिवार को आने वाले शिशु को सौंपने का वादा किया है। इसके बदले परिवार उन्हें 22 हजार रुपये देगा।