उत्तराखंड मे कुंभीचौड़-रामपुर-कोटड़ीढांग मार्ग पर सड़क पर तेज पानी आने से एक महिला स्कूटी समेत बह गई। लोगों ने किसी तरह से महिला को बचा लिया, लेकिन स्कूटी बह गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र के सभी रपटों पर पुलिया बनाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार 18 जुलाई शाम को कोटड़ीढांग निवासी विक्रम सिंह की पुत्र वधू सुजाता नेगी स्कूटी से घर लौट रही थी। शाम करीब चार बजे जैसे ही वह स्कूटी से कीड़ीसोत पर बना रपटा (सड़क के ऊपर से पानी निकलने का रास्ता) पार कर रही थी, एकाएक पानी बढ़ा गया और महिला को स्कूटी समेत बहा ले गया।
आसपास के लोगों ने किसी तरह से महिला को बचा लिया, लेकिन स्कूटी बह गई। स्कूटी अगले दिन काफी दूर गदेरे में मिली।