पति की मौत के मामले में उच्च न्यायालय में चल रहे वाद में बयान दर्ज कराने रुड़की (जिला हरिद्वार) से नैनीताल पहुंची एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में होटल के कमरे में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रुड़की (तेलीवाला, पाडली गुज्जर रोड) निवासी नूरजहां (45 वर्ष, पत्नी स्वर्गीय मोहम्मद इनाम) बृहस्पतिवार को अपने जेठ और अन्य परिजनों के साथ नैनीताल आई थी। शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पति की मौत से संबंधी वाद में बयान दर्ज कराने थे।
नूरजहां और उसके परिजन मल्लीताल स्थित कोहिनूर होटल में ठहरे हुए थे। रात में भोजन करने के बाद नूरजहां अपने कमरे में चली गई। शुक्रवार सुबह नूरजहां के जेठ उसके कमरे में पहुंचे तो वह वहां बेसुध पड़ी थी। परिजनों ने एक एंबुलेंस चालक की मदद से नूरजहां को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉ. अनिरुद्ध गंगोला ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची कोतवाली की उपनिरीक्षक भावना बिष्ट ने मृतका का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।